सिरसा में उपमंडल स्तरीय किसान मेले का आयोजन, अधिकारियों ने दिए कपास में पैदावार बढ़ाने के टिप्स

 

Saral Kisan, Sirsa: सिरसा नई अनाज मंडी में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की तरफ से कपास पैदावार बढ़ाने की योजना के अंतर्गत उप मंडल स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया. किसान बड़ी संख्या में मेले में भाग लेने के लिए पहुंचे. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को कपास में कीट एवं रोग प्रबंधन, सूक्ष्म पोषक तत्वों की पूर्ति, मिट्टी और पानी की जांच व सरकारी योजनाओं का लाभ देने की जानकारी किसानों को दी.

संयुक्त निदेशक (कपास) सिरसा डॉक्टर आत्माराम गोदारा ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने और विशेषज्ञों की सिफारिश के अनुसार खेती करने का आह्वान किया. कपास अनुसंधान केंद्र सिरसा के वैज्ञानिक डॉक्टर अमरप्रीत सिंह ने किसानों को गुलाबी सुंडी की पहचान करने और रोकने के उपाय बताएं. उन्होंने प्रति एकड़ दो फेरोमोन ट्रैप लगाने और विभाग द्वारा बताई दवाइयों का इस्तेमाल करने की सलाह दी. आगामी 1 महीने में एनपीके 13:0:45 के दो-तीन छिड़काव करने को कहा जिस फूल और टिंडों को पर्याप्त पोषण मिल सके.

कृषि विज्ञान केंद्र सिरसा के डॉक्टर देवेंद्र जाखड़ ने मिट्टी और पानी की जांच करवाने वह सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी के लक्षण पहचान करने की जानकारी किसानों को दी. उपमंडल कृषि अधिकारी डबवाली डॉ अमित ने कहा कि देसी कपास को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 4000 रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है.