राजस्थान को कम सताएगी गर्मी, 2 से 4 मई के बीच कई इलाकों में आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट
Rajasthan Mausam: राजस्थान के पूर्वी और पश्चिम क्षेत्र में मौसम के दो रंग बने हुए हैं. पश्चिमी क्षेत्र के जिले लु और तेज गर्मी का सामना कर रहे हैं. वहीं पूर्वी इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान बिजली कड़कने और बादल गरजने की चेतावनी जारी की गई है. मई महीने की शुरुआत होते ही प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही ठंडी हवाओं से तापमान में थोड़ी गिरावट में बनी हुई है.
येलो अलर्ट जारी
आईएमडी जयपुर के अनुसार, अगले दो दिन तक तापमान में 1°C से 2°C डिग्री सेल्सियस गिरावट रहने का अनुमान जताया गया है. इसके अलावा पूर्वी राजस्थान में आंधी और बादल दिखाई पड़ सकते हैं. 2,3 और 4 मई के बीच भरतपुर, सीकर, झुंझुनू, दौसा, अलवर, जयपुर इत्यादि जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
मौसम विज्ञान केंद्र (जयपुर) के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिनों तक में मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. इस दौरान कहीं-कहीं पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने से तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है. इस दौरान वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को उमस जैसा वातावरण बनेगा.
झालावाड़ में तेज आंधी और ओलावृष्टि
गुरुवार को झालावाड़ समेत कई जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिली. इस दौरान तापमान में थोड़ी ठंडक रही जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. तेज आंधी में कई जगहों पर पेड़ सड़कों पर गिर गए जिससे राहगीरों को मुश्किल का सामना करना पड़ा. आंधी की वजह से बिजली के पोल टूटने से तारे सड़क पर गिर गई. जिससे कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई व्यवस्था पर असर पड़ा.

